मुआवजा नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने फिर किया प्रदर्शन, पुलिस के समझाने पर हटा जाम
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर पुनपुन थाना क्षेत्र के अजय चौक के पास सड़क हादसे में छात्र की मौत के बाद शुक्रवार को भी जमकर हंगामा हुआ। मुआवजा नहीं मिलने से नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने एक बार फिर एनएच-22 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
मृतक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी अशोक रजक के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर साइकिल से जा रहे अमन को अजय चौक के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद गुरुवार को भी परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था और लोगों को समझाकर शांत कराया था।
शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर परिजन फिर अजय चौक पहुंचे और एनएच-22 को जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुनपुन थानाध्यक्ष बमबम कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को चालक सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, प्रखंड प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये दिए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
इधर, परिजनों का कहना है कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि अभी तक नहीं मिली है। इसी मांग को लेकर उन्होंने दोबारा सड़क जाम कर विरोध जताया।