नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। अगर आप भी बिना टिकट ट्रेन में सफर करने के आदी हैं तो यह खबर आपके लिए है। दशहरा पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए दानापुर रेल मंडल अब एक्शन मोड में आ गया है। रेलवे ने बेटिकट यात्रियों के खिलाफ सघन विशेष टिकट चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है, जिससे पूरे पटना-गया रेलखंड पर हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को दानापुर मंडल की स्पेशल टीम ने तारेगना रेलवे स्टेशन को केंद्र बनाकर चार घंटे तक मेगा चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के 19 टीटीई और आरपीएफ जवानों की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर खड़ी विशेष टिकट चेकिंग ट्रेन, जिसे ‘लाल गाड़ी’ कहा जाता है, के साथ छापेमारी की। अभियान की शुरुआत जहां 204 में टिकट यात्री पकड़े गए हैं 121480 जुर्माना लगाया गया है। सिंगरौली-पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद टीम ने पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली 63241 सहित लगभग 8 से 10 जोड़ी अप और डाउन ट्रेनों में सघन जांच की। जांच के दौरान सैकड़ों बेटिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्री पकड़े गए। रेलवे ने मौके पर ही सभी से जुर्माना वसूल कर रेल राजस्व में जमा किया है।
रेल प्रशासन के इस कड़े एक्शन का असर पूरे रेलखंड पर देखने को मिला। जैसे ही तारेगना में चेकिंग की खबर फैली, परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद सहित सभी छोटे-बड़े स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतार लग गई। कई स्टेशनों पर टिकट बिक्री में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है।रेल अधिकारियों ने बताया कि दशहरा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अचानक किसी भी स्टेशन और किसी भी ट्रेन में टिकट चेकिंग टीम पहुंच सकती है।दानापुर रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए हमेशा वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में ही यात्रा करें और रेलवे को सहयोग करें।