परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही का लगाया आरोप, बिना ऑक्सीजन सिलेंडर और मास्क के काम पर भेजने का दावा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो के वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड प्लांट में गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। कंपनी के अनुसार, मृतकों में एक उसका कर्मचारी था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के यहां कार्यरत श्रमिक था। गैस के संपर्क में आने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों और श्रमिकों में आक्रोश है। परिजनों ने प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग के प्रमुख की कथित लापरवाही लगातार बढ़ रही है। आरोप है कि दोनों श्रमिकों को बिना ऑक्सीजन सिलेंडर और नोज मास्क उपलब्ध कराए ही प्लांट के अंदर काम करने भेज दिया गया था।परिजनों ने प्लांट की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी देर हुई, क्योंकि मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। परिजनों के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

कंपनी ने जांच का दिया आश्वासन
घटना पर ईएसएल स्टील लिमिटेड ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने कहा है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही, घटना की स्वतंत्र जांच कराने और उसके निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाने की बात कही है। फिलहाल, गैस के संपर्क में आने की परिस्थितियों और हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।