ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में दो घंटे तक चली जांच, बिना हेलमेट चलने वालों के काटे गए चालान
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। अकबरपुर प्रखंड के फतेहपुर मोड़ पर गुरुवार की शाम ट्रैफिक डीएसपी सह रजौली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले कई चालकों के चालान काटे गए।
ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरे बिहार में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वाहनों की जांच की जा रही है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
अकबरपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र (आरसी) सहित सभी आवश्यक कागजात अपने साथ रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भरना पड़ सकता है।