सासाराम में ‘रोडीज’ की टीम का भव्य स्वागत, रोटरी क्लब ने भेंट की बिहारी संस्कृति की झलक
बेताब अहमद
सासाराम। ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को समेटे सासाराम शहर ने एक बार फिर अपनी मेहमाननवाजी से अपनी सकारात्मक छवि को बुलंद किया है। एक शहर की असली पहचान उसकी इमारतों से नहीं, बल्कि वहां के लोगों के दिल और उनके संस्कारों से होती है। कुछ ऐसा ही नजारा तब देखने को मिला जब रियलिटी शो ‘रोडीज’ की टीम सासाराम पहुंची। रोटरी क्लब सासाराम के सदस्यों ने इस मौके को शहर की आत्मीयता दिखाने का जरिया बना लिया।

रोटेरियन रौशन के.आर. गुप्ता, उनकी पत्नी दीप्तिशिखा और साथियों ने जब रणविजय सिंह के हाथों में प्यार से ‘बिहारी सत्तू’ थमाया और नेहा धूपिया को मां ताराचंडी की पावन तस्वीर सौंपी, तो लगा मानो सासाराम ने अपनी पूरी संस्कृति उनके स्वागत में बिखेर दी हो। यह मुलाकात इस बात का करारा जवाब थी कि चंद नकारात्मक टिप्पणियां इस ऐतिहासिक शहर की पहचान नहीं बदल सकतीं। सासाराम आज भी प्रेम, सम्मान और मेहमाननवाजी की जीती-जागती मिसाल है। मशहूर रियलिटी शो ‘रोडीज’ की टीम के सासाराम आगमन पर रोटरी क्लब सासाराम के सदस्यों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान क्लब ने बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया, रणविजय सिंह, निखिल चिनापा और फरहान साट सहित पूरी टीम के सामने बिहार की समृद्ध परंपरा की अनूठी मिसाल पेश की।

रोटेरियन रौशन के.आर. गुप्ता और रोटेरियन दीप्तिशिखा की अगुवाई में टीम के सदस्यों का स्वागत किया गया। रणविजय सिंह को खास तौर पर ‘बिहारी सत्तू’ भेंट किया गया, वहीं नेहा धूपिया को मां ताराचंडी का छायाचित्र देकर यहां की धार्मिक व ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराया गया। रोटरी क्लब के सदस्यों का कहना है कि इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य कुछ लोगों द्वारा फैलाई जाने वाली नकारात्मकता को दूर कर सासाराम के असली संस्कार, भाईचारे और मेहमाननवाजी को देश के सामने लाना है।

इस खास भेंट ने नेहा धूपिया को शहर के समृद्ध इतिहास और आस्था से जोड़ दिया। बॉलीवुड की इस मशहूर अभिनेत्री ने सासाराम के लोगों के इस सत्कार को बेहद खास बताया। रोटरी क्लब की इस पहल ने नेहा धूपिया और रोडीज की पूरी टीम के सामने सासाराम की एक ऐसी खूबसूरत और सकारात्मक छवि पेश की, जिसकी खुशबू वे अपने साथ यादों के रूप में ले गईं। नेहा ने माना कि सासाराम की असली पहचान यहां के लोगों का भाईचारा, संस्कार और अद्वितीय प्रेम है।