कायस्थ समाज के पांच गणमान्य सदस्यों के निधन पर पूजा समिति का निर्णय, 11 नवंबर को होगा पूजनोत्सव
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
खगौल। कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की वार्षिक पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सचिव सुधीर कुमार सहाय ने की। इसमें आगामी 11 नवंबर को होने वाले पूजनोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही समाज के पांच गणमान्य सदस्यों के आकस्मिक निधन के मद्देनजर इस वर्ष पारंपरिक सामाजिक समरसता प्रीतिभोज स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सचिव सुधीर कुमार सहाय ने बताया कि 11 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना शुरू होगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर पूजा में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हाल ही में कायस्थ समाज के पांच गणमान्य सदस्यों का आकस्मिक निधन हुआ है। इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि इस वर्ष पूजनोत्सव सादगी के साथ मनाया जाएगा। पूजा के बाद हर साल आयोजित होने वाला पारंपरिक सामाजिक समरसता प्रीतिभोज इस बार नहीं होगा।
बैठक में पूजा की व्यवस्था, साज-सज्जा और दर्शनार्थियों की सुविधा को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अजनीश प्रभाकर, एडवोकेट संजय सिन्हा, पप्पू सिन्हा, राजेश सिन्हा, टुनटुन जी, गणेश जी (बऊआ जी), राजीव सिन्हा (बुचुन जी), विक्की, सोन्टी, अजय सिन्हा, जित्तू, लड्डू, हरेन्द्र सिन्हा, मुन्ना, मुन्नु, अजीत, पिंटू, मयंक सहाय और पत्रकार रंजीत प्रसाद सिन्हा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।