2.11 लाख रुपये नकद भी गायब, डीएसपी मौके पर पहुंचे, एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने अनुमंडल अस्पताल रोड स्थित आदर्श नगर में एक मकान के दो फ्लैटों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित अजीत कुमार के अनुसार, उनके फ्लैट से 2 लाख 11 हजार रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार, स्वर्गीय भोला सिंह के पुत्र हैं और मूल रूप से दमड़ीचक गांव के निवासी हैं। वह मसौढ़ी कोर्ट हॉल्ट के सामने स्थित एक मकान में किराये पर रहते हैं। अजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को वह अपने गांव दमड़ीचक गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे उनके किरायेदार ने फोन कर फ्लैट का ताला टूटे होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही वह आनन-फानन में अपने फ्लैट पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज व अलमारी टूटी हुई थीं। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 42 लाख रुपये है।
इसी मकान में होमगार्ड पूनम कुमारी का भी एक फ्लैट है। वह मसौढ़ी न्यायालय के हाजत में ड्यूटी करती हैं। चोरों ने उनके फ्लैट का ताला भी तोड़ दिया था। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनके फ्लैट से किसी सामान की चोरी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी राघव दयाल, सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि चोरी की घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की छानबीन कर रही है और जल्द ही अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों के बीच घरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस के सामने चोरी की गुत्थी सुलझाने और आरोपितों तक पहुंचने की चुनौती है।