नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मुजफ्फरपुर। शहर के गोबरसही इलाके में भूमिगत गैस पाइपलाइन फटने से भीषण हादसा हो गया है पाइपलाइन फटने के बाद हुए जोरदार धमाके से पांच लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं, एक दर्जन लोग घायल हैं. पुलिस और स्थानीय लोगों के मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे गोबरसही और आसपास के मोहल्लों में भारी अफरातफरी मच गई है. धमाके की आवाज सुनते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. गैस पाइप लाइन फटने के धमाके की आवाज तीन किलाेमीटर दूर खबरा गांव तक सुनी गयी. तेज धमाके आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकलने लगे. विस्पोट इतना भीषण था कि आसपास का एक मकान और दुकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.

गैस रिसाव और आग के खतरे को देखते हुए आसपास की बस्तियों में चीख-पुकार मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही शहर के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके की ओर दौड़ पड़े हैं. गोबरसही चौक और संपर्क मार्गों पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में रुकावट आ रही है. स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं.