आवारा कुत्ते ने बच्चे के गाल को नोचा, मामा ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाया, निजी अस्पताल में दो घंटे तक चला इलाज
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को पटाखा खरीदने बाजार पहुंचे तीन साल के मासूम पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे के चेहरे पर गंभीर जख्म आए और उसके गाल का मांस तक निकल गया। घटना सोनकुकुरा और कर्पूरी चौक के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के हिलसा निवासी आयुष कुमार अपनी मां के साथ ननिहाल दुल्हिन बाजार के डुमरी गांव आया हुआ था। शनिवार को उसका मामा विकास कुमार उसे पटाखा दिलाने के लिए मसौढ़ी बाजार लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसके चेहरे को नोच डाला।
बच्चे पर कुत्ते को हमला करते देख उसके मामा ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बचाया। इसके बाद खून से लथपथ बच्चे को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार ने करीब दो घंटे तक उसका उपचार किया।
चिकित्सक के अनुसार, बच्चा फिलहाल खतरे से बाहर है, हालांकि चेहरे पर आए गहरे जख्मों को ठीक होने में समय लगेगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर चिंता है। लोगों ने शहर में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है।