नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की ओर से जनता दल यूनाइटेड के भविष्य को लेकर की गई टिप्पणी पर बिहार की सियासत गरमा गई है। हाल ही में प्रशांत किशोर ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू में टूट हो सकती है। उनके इस बयान पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मंत्री ने प्रशांत किशोर के दावे को खारिज करते हुए कहा कि वह इस समय पूरी तरह थके और परेशान हैं। इसी हताशा में इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा, ‘प्रशांत किशोर जी, कान खोलकर सुन लें, जेडीयू न कभी टूटी है और न कभी टूटेगी। पार्टी का कोई विधायक या नेता टूटकर कहीं जाने वाला नहीं है।’ एनडीए पूरी तरह एकजुट है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार ने बिहार को संभालने और आगे बढ़ाने का काम किया। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी विकास की गाड़ी को और रफ्तार देने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और सरकार का लक्ष्य बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
रामकृपाल यादव ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे और राज्य में निवेश की संभावनाओं पर भी उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर उद्योग लगाने की दिशा में काम होगा और इससे बिहार में नया इतिहास बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से उद्योगों का विस्तार होने पर युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा, ‘अब वह वक्त आ गया है कि बिहार से बाहर जाने वाले लोग अपने राज्य में ही रहें।’ मंत्री के अनुसार, उद्योगों के आने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को और मजबूत किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। संगठित अपराध और भ्रष्टाचार की जड़ों को खत्म करने के लिए सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को अधिक अधिकार, आधुनिक संसाधन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे अपराधियों और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। सरकार का उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना है।
बिहार विधान परिषद में कथित नियुक्ति अनियमितता को लेकर पूछे गए सवाल पर रामकृपाल यादव ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मामला है और विधान परिषद के सभापति स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर पूछे गए सवाल के जवाब में रामकृपाल यादव ने उन्हें पुत्रवत बताया। उन्होंने कहा, ‘तेजस्वी यादव पुत्रवत हैं। उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं। वे स्वस्थ रहें और संघर्ष करें।’