नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढी़। दिवाली की देर शाम मसौढ़ी में दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक स्थित आदित्य विजन शोरूम की ऊपरी बिल्डिंग में हुई, जबकि दूसरी घटना चूड़ी मार्केट के पीछे हुई। दोनों ही जगहों पर समय रहते फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल दिवाली की रात कर्पूरी चौक पर काफी चहल-पहल थी। लोग पटाखे जला रहे थे। इसी बीच अचानक आदित्य विजन शोरूम के ऊपर वाली बिल्डिंग से धुआं उठता दिखा। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने हल्ला मचाया, जिसके बाद लोग मौके पर जमा हो गए। आग लगने की वजह को लेकर स्थानीय लोगों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पटाखे की चिंगारी या आसमान तारा से गिरे अंगारे से आग लगी होगी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम कर्पूरी चौक पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग नीचे शोरूम तक नहीं पहुंची, वरना लाखों के इलेक्ट्रॉनिक सामान के जलने से बड़ा नुकसान हो सकता था। बिल्डिंग में उस समय कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन आग से बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है।
इसी दौरान चूड़ी मार्केट के पीछे भी आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी वहां भी पहुंची और आग पर काबू पाया गया। इसको लेकर अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि चूड़ी मार्केट के पीछे कूड़े के ढेर में आग लगी थी, जिसे बुझा दिया गया है। वहीं आदित्य विजन शोरूम की ऊपरी बिल्डिंग में कूट और कचरे में आग लगी थी। दोनों ही जगहों पर समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड थोड़ी देर से पहुंचती, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी। कर्पूरी चौक मसौढ़ी का सबसे व्यस्त इलाका है। दिवाली की रात वहां भारी भीड़ थी। समय पर आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।