नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। भूटान से 40 टन सिलिकॉन की भारी-भरकम खेप लेकर अहमदाबाद की एक फैक्ट्री के लिए रवाना हुआ ट्रक बिहार के रास्ते में अपराधियों का शिकार बन गया। इस बहुमूल्य माल से लदे ट्रक को बदमाशों ने रास्ते में ही सुनियोजित तरीके से लूट लिया, जिससे ट्रांसपोर्ट जगत और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ट्रक मालिक अभय प्रताप सिंह यादव के अनुसार, 4 नवंबर को बदमाशों ने किसी ढाबे पर उनके ड्राइवर को खाने या पीने में नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद ड्राइवर को बेहोशी की हालत में मधुबनी के सकरी थाना क्षेत्र के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया, ताकि वे आसानी से ट्रक को अपने कब्जे में ले सकें
मालिक ने बताया कि 4 नवंबर की सुबह करीब 4:00 बजे तक मुजफ्फरपुर के एक टोल प्लाजा पर इस ट्रक का आखिरी जीपीएस सिग्नल दर्ज हुआ था, जिसके बाद इसका संपर्क टूट गया। काफी देर बाद होश में आने पर ड्राइवर ने फोन के जरिए घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए रामशिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद, यह लूटा हुआ ट्रक पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के जमुनीचक गांव के पास लावारिश हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसे ट्रक मालिक को सौंप दिया है।
ट्रक मालिक के मुताबिक, वाहन में लगभग 60 लाख रुपये कीमत का 40 टन सिलिकॉन लदा हुआ था जो पूरी तरह गायब मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने किसी गुप्त स्थान पर पूरा माल उतार लिया और ट्रक को लावारिश छोड़ दिया। फिलहाल, पुलिस इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की सुरागकशी में जुटी हुई है।