नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन ने बिहार के गया जिले में फंसे आठ आदिवासी श्रमिकों को सकुशल मुक्त कराकर उनके घर वापस पहुंचाया है। सभी श्रमिक गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह पंचायत के शहरपुरा गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, ये सभी श्रमिक रोजगार और आजीविका की तलाश में बिहार के गया जिले गए थे। वहां कथित रूप से उन्हें बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिली तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और गया जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की। संयुक्त प्रयास से सभी आठ श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त कराया गया और उन्हें गिरिडीह वापस लाया गया। श्रमिकों की सकुशल वापसी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य जाने वाले श्रमिकों के साथ इस तरह की घटनाएं प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल सभी आठ श्रमिक अपने गृह जिले लौट आए हैं।