नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। छठ महापर्व की आहट के साथ ही गया जंक्शन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और परिसर में छठ के पारंपरिक लोकगीत गूंज रहे हैं. बाहर से आने वाले यात्री जैसे ही स्टेशन पर कदम रख रहे हैं, उन्हें छठ गीत सुनकर अपने घर और अपनी मिट्टी का अपनापन महसूस हो रहा है. अब सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
रेलवे प्रशासन की ओर से की गई इस पहल और छठ के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. गया जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. लोग देश के अलग-अलग हिस्सों से अपने गांव-घर लौट रहे है.
कई लोग दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों से छठ मनाने के लिए आए हैं. स्टेशन पर उतरते ही छठ गीतों की धुन सुनकर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है. लोगों का कहना है कि इस बार रेलवे ने यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है. छठ आस्था का महान पर्व है. यह सूर्य भगवान की उपासना का पर्व है.
इस अवसर पर गया स्टेशन पर हर जगह छठ के लोकगीत बज रहे हैं. इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है. बिहार और उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है. लोग दूर-दूर से अपने घर आते हैं. यह पर्व अब केवल देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मनाया जाने लगा है.