कंपाउंडर के भरोसे इलाज छोड़ने का परिजनों ने लगाया आरोप, 24 घंटे तक डॉक्टर के नहीं पहुंचने का दावा; पुलिस ने संभाला मोर्चा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड़ स्थित शिव हॉस्पिटल में इलाज के दौरान चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, भेलाटांड़ निवासी अभिलाष महतो ने बुखार से पीड़ित अपनी चार वर्षीय बेटी को डॉ. आरके सिंह द्वारा संचालित शिव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को भर्ती कराने के बाद करीब 24 घंटे तक डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। इस दौरान न तो जांच रिपोर्ट दिखाई गई और न ही बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में बच्ची के इलाज की जिम्मेदारी एक कंपाउंडर के भरोसे छोड़ दी गई थी, जो कथित तौर पर शराब के नशे में रहता था। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कई बार फोन कर डॉ. आरके सिंह से बच्ची की जांच करने का आग्रह किया, लेकिन डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे।
मंगलवार सुबह इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से पक्ष सामने नहीं आया है। डॉक्टर की कथित लापरवाही के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।