राज्य सरकार को भी संवेदनशीलता दिखाते हुए उठाने होंगे ठोस कदम, डीजीपी से कार्रवाई की लेंगी जानकारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गुमला। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निशा के पिता हंदु भगत से बातचीत की और परिवार की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने परिजनों को मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली यह घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। राष्ट्रीय महिला आयोग इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है। इस संबंध में आयोग को कई शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि आयोग मामले की लगातार निगरानी कर रहा है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

विजया रहाटकर ने कहा कि मामले में अब तक हुई कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बातचीत की जाएगी। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल मामले की जांच सीबीआई को सौंप देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी पूरी होना नहीं है। राज्य सरकार को भी संवेदनशीलता दिखाते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि आयोग पूरे मामले पर नजर बनाए रखेगा और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो।