ठेकेदार से लेन-देन के विवाद में वारदात की आशंका, एसपी ने संभाला मोर्चा, आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के वासीपुर कटरमाला गांव में पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ठेकेदार से लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा बम भी बरामद किए हैं, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता को बुलाकर उन्हें सुरक्षित निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मृतक की पहचान वासीपुर कटरमाला गांव निवासी नगीना सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमित का गांव के एक ठेकेदार से पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के बहाने उसे घर से बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
मृतक के पिता ने गांव के ही एक ठेकेदार आशुतोष पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी के निर्देश पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को दो जिंदा बम भी मिले, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे या वारदात के बाद दहशत फैलाने की मंशा रखते थे। पुलिस ने दोनों बमों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पैसों का विवाद प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।