नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। उपकारा मसौढ़ी में बंद बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) की ओर से 9 नवंबर और 10 नवंबर 2026 को यह प्रशिक्षण दिया गया। इसमें चयनित बंदियों को डेयरी फार्मिंग, दुग्ध प्रसंस्करण एवं सहकारी समिति प्रबंधन आदि विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के पहले दिन भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा पशुपालन एवं डेयरी से संबंधित सरकारी योजनाओं का विवरण दिया गया। इसके बाद डेयरी फार्मिंग की विस्तृत जानकारी, दुग्ध प्रसंस्करण एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण के बारे में बताया गया। दूसरे दिन प्रखंड स्तर, ग्रामीण स्तर पर सुधा बूथ निर्माण, दुधारू मवेशी प्रबंधन तथा शुद्ध दुग्ध उत्पादन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार, सहायक दुग्ध संग्रहण पदाधिकारी शमीम अख्तर और सहायक प्रबंधक डेयरी सुनील कुमार ने प्रशिक्षक के रूप में बंदियों को जानकारी दी।
जेल उपाधीक्षक गौतम कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ सजा दिलाना नहीं है, बल्कि बंदियों को सुधार कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। डेयरी फार्मिंग ऐसा व्यवसाय है, जिसे बंदी रिहाई के बाद गांव में ही कम पूंजी में शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इस प्रशिक्षण से उन्हें सरकारी योजनाओं, पशु पालन, दूध उत्पादन और सुधा बूथ के माध्यम से रोजगार की पूरी जानकारी मिली है। आगे भी इस तरह के कौशल विकास प्रशिक्षण जेल में आयोजित किए जाएंगे, ताकि बंदी बाहर निकलकर अपराध की दुनिया छोड़कर सम्मानजनक जीवन जी सकें। प्रशिक्षण के समापन पर सभी बंदियों ने विशेषज्ञों का धन्यवाद किया और प्रशिक्षण में सीखी बातों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।