विवेकानंद वीआईपी परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विवेकानंद विजन आइडियल पब्लिक स्कूल एवं विवेकानंद वीआईपीएफ इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
योग सत्र के दौरान प्राणायाम, भ्रामरी, ताड़ासन, भुजंगासन, शीर्षासन, चक्रासन, सूर्य नमस्कार एवं सुखासन सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

संस्थान के निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन सभ्यता की अमूल्य विरासत है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक और बौद्धिक स्तर पर भी व्यक्ति को सशक्त, शांत एवं ओजस्वी बनाता है। उन्होंने कहा कि “योग संभावनाओं को संभव बनाने का विज्ञान है।”
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जो बढ़ती उम्र में शारीरिक सक्रियता, मानसिक सतर्कता और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।
विद्यालय के चेयरमैन मनीष वत्स ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को पूरा विश्व एक साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाता है। यह भारतीय योग परंपरा और उसके शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों को वैश्विक स्तर पर मिली स्वीकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए योग किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि यह उनकी एकाग्रता बढ़ाने के साथ-साथ तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्या सूची कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज भारतीय संस्कृति के प्रति विश्व का सम्मान बढ़ा है और हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
इस अवसर पर योग शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह, अविनाश कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।