नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
देवघर। बिहार जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. सबसे पहले उन्हें काली मंदिर ले जाया गया, जहां उनके पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत संकल्प कराया. इसके बाद संजय झा ने बाबा बैद्यनाथ, मां पार्वती, मां काली समेत मंदिर परिसर स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना कर मत्था टेका. उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
संजय झा के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी थी. वह कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद बाहर निकले. इस दौरान उनके साथ जदयू के दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और पूजा के दौरान उनके साथ रहे.
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया कर्मियों ने उनसे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और विधायक अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किये जाने के मामले में सवाल किये. हालांकि, संजय झा ने राजनीतिक सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाबा मंदिर में उनका आगमन निजी कार्यक्रम के तहत हुआ है. इसलिए वह इस दौरान किसी राजनीतिक विषय पर चर्चा नहीं करना चाहते. राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत से खुद को अलग रखते हुए वह मंदिर परिसर से रवाना हो गये.