दिल्ली जा रहे थे किशोर-किशोरी, आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन औरंगाबाद को सौंपा, परिजनों को भी दी गई सूचना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत तत्परता दिखाते हुए नवीनगर रेलवे स्टेशन से घर से भागकर दिल्ली जा रहे एक नाबालिग बालक और बालिका को बरामद किया है। दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष बताई गई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने दोनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए चाइल्ड लाइन औरंगाबाद को सुपुर्द कर दिया।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को नवीनगर पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक नवीनगर स्टेशन एवं यार्ड क्षेत्र में जवानों के साथ गश्त और अपराध निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर एक किशोर और किशोरी संदिग्ध परिस्थिति में इधर-उधर घूमते दिखाई दिए। आरपीएफ जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपनी उम्र करीब 17 वर्ष बताई और नवादा जिले के निवासी होने की जानकारी दी।
आरपीएफ पोस्ट नवीनगर लाकर दोनों से सहयोगात्मक माहौल में पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे को पसंद करते हैं और घर से भागकर नई दिल्ली जा रहे थे। मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण आरपीएफ ने इसे ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत लेते हुए तत्काल चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी।
इसके साथ ही उपलब्ध कराए गए संपर्क नंबरों के माध्यम से दोनों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। चाइल्ड लाइन औरंगाबाद की बाल कल्याण समिति की सदस्य उर्मिला देवी ने नवीनगर थाने के बाल कल्याण अधिकारी से समन्वय स्थापित कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
इसके बाद आरपीएफ ने स्थानीय थाना नवीनगर के सहयोग से आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। सुपुर्दगी संबंधी दस्तावेज तैयार करने और फोटोग्राफी के बाद दोनों नाबालिगों को चाइल्ड लाइन औरंगाबाद के हवाले कर दिया गया, ताकि बाल कल्याण समिति के माध्यम से उनके संरक्षण और सुरक्षित पुनर्वास की आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
आरपीएफ की इस तत्परता से दोनों नाबालिगों को समय रहते सुरक्षित संरक्षण मिल सका। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत की गई इस कार्रवाई को रेलवे परिसर में बच्चों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।