अनाउंसिंग माइक से छठ गीतों की मधुर धुन सुन भावुक हो रहे यात्री, रेलवे की अनूठी पहल ने बनाया भक्तिमय माहौल
शशि तुलस्यान
मसौढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा अब रेलवे स्टेशनों पर भी दिखाई देने लगी है। पटना-गया रेलखंड का तारेगना रेलवे स्टेशन पूरी तरह छठमय हो गया है। स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की घोषणा करने वाले अनाउंसिंग सिस्टम से अब छठ के पारंपरिक और मधुर गीत भी गूंज रहे हैं। रेलवे की इस अनूठी पहल से पूरा स्टेशन भक्तिमय माहौल में डूब गया है।
बताया जाता है कि रेलवे प्रशासन के निर्देश पर यह विशेष व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को पर्व की अनुभूति कराना तथा स्टेशन पर स्वागत और उत्साह का माहौल तैयार करना है।
स्टेशन पर जैसे ही छठ के पारंपरिक गीतों की धुन सुनाई देती है, यात्रियों के चेहरे खिल उठते हैं। खासकर छठ व्रत करने के लिए अपने घर लौट रहे व्रतियों और उनके परिजनों के लिए यह अनुभव भावुक कर देने वाला साबित हो रहा है। कई यात्री इन मधुर गीतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करते भी नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तारेगना स्टेशन पर अनाउंसिंग सिस्टम के माध्यम से छठ गीत बजाने की यह पहल काफी सराहनीय है। इससे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को अपनेपन का एहसास हो रहा है। ऐसा प्रतीत होता है मानो वे रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि छठ घाट के भक्तिमय वातावरण में पहुंच गए हों।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, छठ महापर्व तक स्टेशन पर इसी तरह छठ गीतों का प्रसारण जारी रहेगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इधर, छठ महापर्व को लेकर पूरे मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था का काम तेजी से चल रहा है। कुल मिलाकर छठ की भक्ति और उत्साह का रंग अब तारेगना रेलवे स्टेशन से लेकर पूरे इलाके में दिखाई देने लगा है।