ऐतिहासिक तालाब की साफ-सफाई और विकास कार्यों का किया निरीक्षण, वर्षों से बंद उलार महोत्सव फिर शुरू कराने का दिया भरोसा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर में चल रही तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक तालाब की साफ-सफाई सहित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
मंत्री बनने के बाद पहली बार उलार सूर्य मंदिर पहुंचे प्रमोद कुमार का मंदिर कमेटी के सदस्यों ने अंगवस्त्र एवं उलार सूर्य मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार सरकार पूरी तरह गंभीर है। छठव्रतियों की सुविधा के लिए राज्यभर के घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उलार सूर्य मंदिर ऐतिहासिक एवं प्राचीन धार्मिक स्थलों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां छठ पूजा के अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों और देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, ठहरने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
मंत्री प्रमोद कुमार ने ऐतिहासिक उलार धाम के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए वर्षों से बंद पड़े उलार महोत्सव को फिर से शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि उलार सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। महोत्सव के पुनः आयोजन से इस धार्मिक स्थल को नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
उलार सूर्य मंदिर के निरीक्षण के बाद मंत्री दुल्हिनबाजार प्रखंड के भरतपुरा गांव स्थित ऐतिहासिक लाइब्रेरी पहुंचे। यहां उन्होंने संग्रहालय एवं लाइब्रेरी में संरक्षित ऐतिहासिक दस्तावेजों, दुर्लभ पुस्तकों और विभिन्न ऐतिहासिक संग्रहों का अवलोकन किया। साथ ही इनके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस विरासत के संरक्षण और महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी ध्यान दिया।