आस्था या अंधापन? प्रसाद की शुद्धता के भ्रम में मां बनी अपनी ही कोख की कातिल
बेताब अहमद
समस्तीपुर। आस्था के महापर्व में ममता का ऐसा पतन! समस्तीपुर से एक अत्यंत मर्मस्पर्शी और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जिस घर में संतान की लंबी उम्र के लिए छठी मईया की आराधना चल रही थी, वहीं एक मां के पल भर के गुस्से ने उसकी चार साल की मासूम बच्ची ‘सुहानी’ की जान ले ली। छोटी सी नादानी पर मां का ऐसा क्रूर रूप देखकर हर किसी का कलेजा कांप उठा है। एक मासूम, जो प्रसाद की पवित्रता और मां के गुस्से का अंतर भी नहीं समझती थी, वह इस निर्ममता की भेंट चढ़ गई।
छठी मैया यही कहती है कि …. जिसे तू अपने आंगन में बुलाने के लिए कठिन निर्जला व्रत रख रही थी, जिसके लिए तूने ये सारे पकवान बनाए थे। पर क्या तुझे पता है कि मुझे इन पकवानों की नहीं, बल्कि तेरी ममता की भूख थी? जब नन्ही सुहानी ने मेरे प्रसाद को हाथ लगाया, तो वह मेरे लिए ‘जूठा’ नहीं हुआ था रीना! वह तो मेरा सबसे प्यारा भोग बन गया था। एक चार साल की मासूम, जिसमें स्वयं मेरा ही वास है, उसके नन्हे हाथों से छूकर वह पकवान तो और भी पवित्र हो गया था।तूने किसकी शुद्धता के लिए मेरी ही अंश को मुझसे छीन लिया? जिस संतान की लंबी उम्र और खुशहाली का वरदान मांगने के लिए तूने व्रत रखा था, उसी संतान की सांसें तूने अपने क्रोध की भेंट चढ़ा दीं? मुझे तेरा वह ठेकुआ और पकवान नहीं चाहिए रीना, मुझे तो मेरी सुहानी की खिलखिलाहट चाहिए थी। आज जब मेरी गोद में आने के बजाय वह नन्ही परी असमय ही इस दुनिया से विदा हो गई है, तो मेरा हृदय भी उतना ही रो रहा है जितना आज तेरा आंगन। याद रखना, जहां संतान का तिरस्कार और उस पर क्रूरता हो, वहां छठी मैया का वास कभी नहीं हो सकता।
मामला समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव का है। यहां वार्ड संख्या 12 में रहने वाले राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी छठ पूजा के दौरान घर में मौजूद थी। परिवार में पर्व की तैयारियां चल रही थीं। प्रसाद के लिए तरह-तरह के पकवान बनाए गए थे। इसी बीच बच्ची से प्रसाद का एक पकवान जूठा हो गया। बताया जा रहा है कि यह देखकर उसकी मां रीना कुमारी नाराज हो गई। आरोप है कि गुस्से में उसने सुहानी की पिटाई कर दी। घर में हुई इस घटना के कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम। सुहानी की हालत खराब होती देख परिवार के लोग घबरा गए। बिना देर किए उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। परिजनों को उम्मीद थी कि डॉक्टरों के इलाज से बच्ची ठीक हो जाएगी लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पूसा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्ची की मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कैसी आस्था और कैसा अंधापन? लोकआस्था के पर्व ‘छठ’ का मूल भाव संयम, पवित्रता और बच्चों की खुशहाली है, लेकिन समस्तीपुर की इस घटना ने समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। जहां भगवान को भोग लगाने के लिए पकवान बनाए जा रहे थे, वहां एक मां ने प्रसाद की शुद्धता के भ्रम में अपनी ही कोख से जन्मी चार साल की बच्ची को मौत के घाट उतार दिया। धर्म और पवित्रता के खोखले ढोंग के आगे मां-बच्ची के पवित्र रिश्ते का इस तरह तार-तार हो जाना हमारी मानसिकता पर एक गहरा आघात है।