नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। भागलपुर की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भागलपुर के जिला कोषाध्यक्ष और नगर निगम भागलपुर के पार्षद अश्विनी जोशी ‘मोंटी’ ने भाजपा का साथ छोड़कर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का दामन थाम लिया है. पटना में आयोजित एक मिलन समारोह के दौरान लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. इस अवसर पर खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान, विधायक बाबूलाल शौर्य, नाथनगर के विधायक मिथुन यादव एवं लोजपा (रामविलास) की राष्ट्रीय प्रवक्ता यामिनी मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
सदस्यता दिलाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि अश्विनी जोशी ‘मोंटी’ का सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में लंबा अनुभव रहा है. उनका संगठनात्मक कौशल, कार्यक्षमता और मजबूत जनसंपर्क पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा तथा उनके अनुभव का लाभ निश्चित रूप से संगठन को मिलेगा. वहीं, खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि मोंटी पिछले लगभग 20 वर्षों से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं. उनके भीतर नेतृत्व करने की अद्भुत क्षमता है. जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ और संगठन की समझ से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी.
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अश्विनी जोशी ‘मोंटी’ ने कहा कि उन्होंने अपने लगभग दो दशकों के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में जो अनुभव और सीख हासिल की है, उसका पूरा उपयोग वे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को मजबूत बनाने में करेंगे. उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन को और अधिक सशक्त करना तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के संकल्प ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन को बिहार के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.