धनबाद और चास अंचल के ऊर्जा मित्रों ने निकाला विरोध मार्च, लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करने की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को धनबाद में ऊर्जा मित्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्रों ने अर्धनग्न प्रदर्शन कर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। हाथों में लाल झंडे और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऊर्जा मित्र शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग लेने से लेकर बिलिंग तक का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। समय पर भुगतान नहीं होने से उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन की शुरुआत जेबीवीएनएल के अंचल कार्यालय धनबाद से हुई। यहां से ऊर्जा मित्रों ने विरोध मार्च निकाला, जो जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
संघ की प्रमुख मांग धनबाद और चास अंचल के ऊर्जा मित्रों के लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान करना है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का नियमित रूप से निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन मेहनत के बदले समय पर पारिश्रमिक नहीं मिलना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने प्रबंधन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। ऊर्जा मित्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन अपने बकाया हक की मांग को लेकर है। अब देखना होगा कि प्रदर्शन के बाद जेबीवीएनएल प्रबंधन ऊर्जा मित्रों की समस्याओं के समाधान और बकाया मानदेय भुगतान को लेकर क्या कदम उठाता है।