नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी आज रविवार को 99 वर्ष के हो गए और उन्होंने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। इस अवसर पर आडवाणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पीयूष गोयल सहित देश के कई प्रमुख राजनेताओं ने जन्मदिन की बधाई दी। शीर्ष नेतृत्व ने भारतीय राजनीति को नई दिशा देने, लोकतंत्र की रक्षा करने और शून्य से भाजपा संगठन को इस शिखर तक पहुंचाने में उनके अभूतपूर्व व अद्वितीय योगदान को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी जी को बधाई देते हुए इस दिन को बेहद खास बताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज 8 नवंबर का दिन एक ऐतिहासिक पड़ाव है। आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी अपने 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस विशेष अवसर पर उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आडवाणी जी को जन्मदिन की दिली मुबारकबाद दी। वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि श्रद्धेय ‘भारत रत्न’ आडवाणी जी आज 99 वर्ष पूरे कर 100वें साल में कदम रख रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और आशीर्वाद भरे जीवन की प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि देश व संगठन को उनका मार्गदर्शन लगातार मिलता रहेगा। आशा है कि हमें निरंतर उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उन्हें भारतीय राजनीति का विराट व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि आडवाणी जी राष्ट्र के प्रति निष्ठा, सिद्धांतों पर अडिग रहने और संगठन के प्रति समर्पण की एक असाधारण मिसाल हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आडवाणी जी के जनसेवा के सफर की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अनगिनत लोगों को प्रेरित करता रहा है और उनका मार्गदर्शन हमेशा काम करने का संबल देता है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और अनगिनत कार्यकर्ताओं के आदर्श आडवाणी जी ने अपने जीवन के 99 वर्ष पूरे किए हैं, जो पूरे दल के लिए गर्व की बात है।