अप्राकृतिक कारणों से हुई 172 हाथियों की मौत
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। झारखंड राज्य गठन के बाद वर्ष 2000 से 2025 तक 256 हाथियों की मौत का आंकड़ा सामने आया है। इनमें 172 हाथियों की मौत अप्राकृतिक कारणों से हुई है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि बिजली का करंट हाथियों की मौत का एक प्रमुख कारण बनकर उभरा है। इस गंभीर स्थिति पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और हाथियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
नायक ने कहा कि वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (WII) की वर्ष 2000 से 2023 तक के अध्ययन पर आधारित रिपोर्ट में 225 हाथियों की मौत दर्ज की गई है। इनमें 67 हाथियों की जान बिजली का करंट लगने से गई। इसके अलावा 17 हाथियों की रेल दुर्घटना, 11 की जहर देने, पांच की सड़क दुर्घटना और चार की अवैध शिकार के कारण मौत हुई। जनवरी 2026 में प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2000 से 2025 तक यह आंकड़ा बढ़कर 256 हो गया है।
उन्होंने कहा कि बिजली के करंट से हाथियों की मौत वन विभाग और बिजली विभाग के बीच समन्वय की कमी को दर्शाती है। जंगलों से गुजरने वाली बिजली लाइनों, खुले एवं झूलते तारों और अवैध हाई-वोल्टेज कनेक्शनों को सुरक्षित करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
नायक ने कहा कि जंगलों का विखंडन, खनन गतिविधियां, रेल एवं सड़क परियोजनाएं और भोजन-पानी की कमी हाथियों के प्राकृतिक आवास को प्रभावित कर रही हैं। इससे मानव-हाथी संघर्ष बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से हाथी कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त कराने और संवेदनशील रेल मार्गों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने वर्ष 2000 से नवंबर 2026 तक हाथियों की मौत का जिला-वार, वर्ष-वार और कारण-वार प्रमाणित आंकड़ा सार्वजनिक करने के साथ विस्तृत श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। इसमें प्रत्येक हाथी की मौत की तारीख, स्थान, कारण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, संबंधित विभाग की जिम्मेदारी और मुआवजे का विवरण शामिल करने की बात कही।
कांग्रेस प्रवक्ता ने अवैध शिकार और जहर देकर हाथियों की हत्या करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हाथियों की सुरक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि झारखंड की जैव विविधता, पर्यावरण और प्राकृतिक विरासत को बचाने का सवाल है। सरकार को इस दिशा में गंभीरता से पहल करनी चाहिए।