बड़ी ठाकुरवाड़ी मंदिर परिसर में सुबह से लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता, पेड़ की छाया में प्रसाद ग्रहण कर किया दान-पुण्य
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। कार्तिक मास की अक्षय नवमी पर मसौढ़ी में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं आंवले के वृक्ष की पूजा करने पहुंचीं। सुबह से ही मंदिरों और ग्रामीण इलाकों में पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी ठाकुरवाड़ी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रही, जहां महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा कर आंवले के वृक्ष की परिक्रमा की और सुखी पारिवारिक जीवन का आशीर्वाद मांगा।
इस दौरान महिलाओं ने आंवले के पेड़ में सूत बांधकर परिक्रमा की तथा फल, फूल, मिठाई और घरों में तैयार पकवान अर्पित किए। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने वृक्ष की छाया में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कई स्थानों पर गरीबों और जरूरतमंदों के बीच अन्न एवं धन का दान भी किया गया। जिन घरों के आसपास आंवले का पेड़ उपलब्ध नहीं था, वहां लोगों ने आंवले की डाली रखकर परंपरा के अनुसार पूजा की।
बड़ी ठाकुरवाड़ी मंदिर के पुजारी गोपाल पांडे ने बताया कि अक्षय नवमी को स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किया गया दान, जप और तप अक्षय फल प्रदान करता है। आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और भगवान शिव का वास माना जाता है। इस दिन माता लक्ष्मी की भी पूजा की जाती है। पुराणों में भी इस पर्व की महिमा का उल्लेख मिलता है।
पूजा करने पहुंचीं सुजाता कुमारी ने बताया कि उन्होंने आंवले के वृक्ष की पूजा और परिक्रमा कर पूरे परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ परिवार के सदस्यों को एकजुट करने और आपसी सद्भाव बढ़ाने का भी अवसर प्रदान करता है।
अक्षय नवमी के अवसर पर मसौढ़ी मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।