हिलसा में शौर्य दिवस पर सेमिनार आयोजित, नागरिकता, मतदाता अधिकार और एसआईआर की पारदर्शिता पर भी हुई चर्चा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दनियावां। वर्ष 1962 के रेजांगला युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले भारतीय सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए बुधवार को हिलसा बाजार स्थित अंबेडकर पार्क में शौर्य दिवस पर सेमिनार आयोजित किया गया। ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन फॉर जस्टिस की हिलसा शाखा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता कृष्ण प्रसाद ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता अवधेश कुमार ने किया। सेमिनार में वक्ताओं ने 18 नवंबर 1962 को रेजांगला में हुए ऐतिहासिक युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना के 114 वीर जवानों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया था। वक्ताओं ने कहा कि इन रणबांकुरों की वीरता और देशभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। शहीद जवानों के सम्मान और उनकी वीरता को उचित पहचान दिलाने के लिए भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट का गठन किया जाना चाहिए।
सेमिनार में नागरिकता और मतदाता अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक की भागीदारी जरूरी है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। मतदान ही लोकतंत्र में जनता की भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।
वहीं विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए पात्र मतदाताओं के छूटे हुए नाम जोड़े जाने चाहिए। मृत एवं अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाए जाएं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे।
कार्यक्रम में अधिवक्ता धुरी लाल यादव, राजकिशोर यादव, अवधेश कुमार यादव, दिलीप कुमार सिन्हा, रमाकांत रविदास, प्रोफेसर अवधेश प्रसाद, प्रमोद सिंह, ब्रजकिशोर प्रसाद, जयमंगल प्रसाद, अखिलेश प्रसाद, धर्मवीर कुमार, नगीना प्रसाद, पंकज कुमार एवं रविंद्र प्रसाद सहित कई लोग उपस्थित रहे।