बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रहीं नशीली दवाएं, कम उम्र के बच्चे भी हो रहे प्रभावित, प्रशासनिक जागरूकता के बावजूद अवैध बिक्री पर लगाम नहीं
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अनुमंडल क्षेत्र में सूखे नशे का बढ़ता प्रभाव चिंता का विषय बनता जा रहा है। गांव से लेकर शहर तक युवाओं और कम उम्र के बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ दवा दुकानदारों की कथित मनमानी के कारण नशीली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। आरोप है कि मसौढ़ी बाजार की कुछ मेडिकल दुकानों से बिना डॉक्टर की पर्ची के कोडीन युक्त कफ सिरप, नशीली गोलियां और इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखा नशा धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। इसमें सबसे अधिक कम उम्र के बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ दवा दुकानदार अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में नियमों को ताक पर रखकर युवाओं को नशीली दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। मेडिकल दुकानों से आसानी से नशीली दवाएं मिलने के कारण नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा है।
इसका अंदाजा मसौढ़ी-पालीगंज मार्ग, नौबतपुर रोड और एनएच-22 के किनारे बिखरी कोडीन सिरप की खाली शीशियों से लगाया जा सकता है। इन सड़कों के आसपास बड़ी संख्या में खाली शीशियां मिलने से स्थानीय लोग दवाओं की बिक्री और उनके दुरुपयोग को लेकर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि नशे के सेवन के बाद खाली शीशियां सड़क किनारे फेंक दी जाती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम ढलते ही सुनसान स्थानों, सड़क किनारे और खंडहरों में नशा करने वालों का जमावड़ा लगने लगता है। इससे आसपास के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ प्रशासन नशामुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी तरफ कथित अवैध बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अभियान का अपेक्षित असर नहीं दिख रहा है।
स्थानीय लोगों ने औषधि नियंत्रण विभाग और अनुमंडल प्रशासन से ऐसी मेडिकल दुकानों को चिह्नित कर जांच कराने की मांग की है, जहां बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित या नियंत्रित दवाओं की बिक्री की जा रही है। साथ ही नियमित छापेमारी, दवा दुकानों की निगरानी और दोषी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि नशे की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ नशीली दवाओं की अवैध आपूर्ति पर रोक लगाना भी जरूरी है। तभी मसौढ़ी क्षेत्र को नशे के बढ़ते प्रभाव से बचाया जा सकेगा।