24 नवंबर को आयोजित होगा जिला स्तरीय नीतीश संवाद कार्यक्रम, सफलता को लेकर मनियामा में जदयू की तैयारी बैठक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास तक नीतीश कुमार के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। महिलाओं को आरक्षण देकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाई गई, वहीं जीविका के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का अवसर मिला। ये बातें बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मनियामा में आयोजित जदयू की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। बैठक का आयोजन आगामी 24 नवंबर को जिला स्तर पर होने वाले सुशासन दिवस : नीतीश संवाद कार्यक्रम की सफलता को लेकर किया गया था।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने जंगलराज से सुशासन की ओर कदम बढ़ाया। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिला है। महिलाओं को आरक्षण देने के साथ जीविका के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया गया।
पूर्व सांसद अरुण कुमार ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पोशाक, छात्रवृत्ति और साइकिल योजनाओं का लाभ मिलने से स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। मैट्रिक, इंटर और स्नातक उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन राशि देने से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिजली, सड़क, कृषि और पुल निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। सात निश्चय योजना, हर घर नल का जल, जल-जीवन-हरियाली अभियान और 125 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी सुविधाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।
कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी अनुज कुमार सिंह ने दहेज प्रथा, बाल विवाह और अंधविश्वास जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों तथा शराबबंदी कानून का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 24 नवंबर को आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिन्हा ने की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने समाज के सभी वर्गों के हित में काम किया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के महिला एवं पुरुषों की वृद्धावस्था पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करने का निर्णय भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफल होगा।
इस मौके पर जदयू प्रदेश महासचिव राजू सिंह, प्रदेश सचिव दिलीप कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, सुनील कुमार चंद्रवंशी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमिला कुशवाहा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मेराज अहमद सुड्डू, रणधीर पटेल, विनोद केसरी, विनय विद्यार्थी, पप्पू दांगी, मो. असलम, बैजनाथ शर्मा, डॉ. अजय प्रजापति और कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।