फसल क्षति के बावजूद राहत नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी, अधिकारियों पर सर्वे रिपोर्ट नहीं भेजने का आरोप
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। अक्टूबर माह में हुई बेमौसम बारिश ने धनरुआ प्रखंड के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार बारिश और खेतों में जलजमाव के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। फसल नुकसान के बाद सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक राहत नहीं मिलने से किसान परेशान हैं।
धनरुआ प्रखंड की विजयपुरा और बहरामपुर पंचायत में फसल की सबसे अधिक क्षति होने की बात सामने आई है। विजयपुरा पंचायत के बड़ीहा, फुलपुरा, चक्रमासी, कैली, मढ़ीपर तथा मोरियामा पंचायत के राढ़ा सहित कई गांवों में धान की फसल बारिश के कारण खेतों में गिर गई। लंबे समय तक पानी में डूबे रहने से धान सड़ने के साथ ही खेतों में ही अंकुरित होने लगा है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि अक्टूबर में हुई बेमौसम बारिश के बाद बिहार सरकार के मंत्री ने फसल क्षति का मुआवजा देने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक किसानों को इसका लाभ नहीं मिल सका है। किसानों का आरोप है कि कृषि विभाग के प्रखंड स्तर के किसान सलाहकार से लेकर जिला कृषि पदाधिकारी तक ने प्रभावित पंचायतों की क्षति का सही आकलन कर रिपोर्ट नहीं भेजी है।
फसल बर्बादी के बाद किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। खेतों में गिरे धान की कटाई के लिए न तो हार्वेस्टर संचालक तैयार हो रहे हैं और न ही मजदूर कटाई करने को राजी हैं। ऐसे में खेतों में तैयार फसल बर्बाद हो रही है। किसानों का यह भी आरोप है कि सरकारी अनुदान योजनाओं का लाभ भी धनरुआ प्रखंड के प्रभावित किसानों को नहीं मिल पाया है।
किसानों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्रीय नेता, विधायक, जिला परिषद सदस्य और पंचायत के मुखिया ने अब तक किसानों की इस समस्या को प्रमुखता से नहीं उठाया है। पीड़ित किसान कन्हैया कुमार, फुटुश प्रसाद, निशिकांत कुमार, पिंटू सिंह, सोहराई चौधरी और केलू चौधरी सहित अन्य किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियों से प्रभावित गांवों में पहुंचकर फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण करने की मांग की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे को उठाकर किसानों को उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की पहल करने की अपील की है।
इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अक्टूबर माह में आए चक्रवात के कारण हुई फसल क्षति की रिपोर्ट सरकार को भेजी गई थी। हालांकि, रिपोर्टिंग में फसल क्षति 33 प्रतिशत से कम बताई गई, जिसके कारण सरकार की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह से प्रधानमंत्री फसल क्षति योजना शुरू होने वाली है। इसके तहत किसान ऑनलाइन आवेदन करेंगे और पात्र किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिया जाएगा।