सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और अन्य इंतजामों की हुई जांच, प्रतिष्ठान संचालकों को सतर्क रहने का निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। जिले में आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) ने विभिन्न ब्रांडेड ज्वेलरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। एसडीपीओ ने प्रतिष्ठानों के प्रबंधकों और कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
इस दौरान एसडीपीओ ने दुकानदारों और कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और चोरी, लूट जैसी आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम करना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे भी जांच और निगरानी अभियान जारी रहेगा।