सरेन मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मखदुमपुर। टेहटा थाना क्षेत्र के सरेन गांव निवासी 25 वर्षीय दिलीप चौधरी की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया। परिजन पटना से शव लेकर सरेन मोड़ पहुंचे और एनएच-22 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और सरेन मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप चौधरी 11 नवंबर 2026 की शाम टेहटा से अपने घर सरेन जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-22 पर सरेन मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दिलीप को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था। कई दिनों तक इलाज चलने के बावजूद गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद परिजन शव लेकर सरेन मोड़ पहुंचे और सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस स्थान पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने सरेन मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। काफी देर तक सड़क जाम रहने के कारण एनएच-22 पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में टेहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
बताया जाता है कि मृतक दिलीप चौधरी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व जहानाबाद जिले के पिस्तोल गांव में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरेन मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।