नव निर्माण संस्थान की प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, महिला वर्ग में रितिका ने दिखाया उत्साह
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। नव निर्माण संस्थान के तत्वावधान में ‘एक ही संकल्प, एक ही नारा—सेवा ही है धर्म हमारा’ के मूल मंत्र के साथ 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें गोलू राज ने प्रथम तथा अमरदीप कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में एकमात्र प्रतिभागी कुमारी रितिका ने भी पूरे उत्साह और हौसले के साथ दौड़ पूरी कर सम्मान हासिल किया।
प्रतियोगिता में गया, पटना, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद सहित कई जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मौसम में अचानक बदलाव के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह बना रहा। संस्थान की अध्यक्ष पूनम कुमारी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने बेटियों और बेटों को समान अवसर देने पर जोर दिया।
संस्थान के सचिव संजय कुमार ने खेल को शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। प्रवक्ता आचार्य रघुनाथ दिवाकर ने कहा कि ज्ञान, चरित्र, संस्कार और शारीरिक मजबूती के समन्वय से सशक्त नागरिकों का निर्माण होता है।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार आजासं एवं अतिथि डॉ. अभिराम सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। संस्थान के सेवक विनय कुमार ने कुमारी रितिका के साहस और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही युवाओं एवं बच्चों को खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधरोपण करने की अपील की।