रात में नगर थाना सहित टेहटा, विशुनगंज और बराबर थानों की जांच, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व कार्यप्रणाली का लिया जायजा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत कुमार द्विवेदी ने रविवार रात कई थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों के अनुसंधान और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ ने सबसे पहले नगर थाना पहुंचकर विभिन्न कांडों की समीक्षा की तथा थाना में संधारित पंजियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अनुसंधानकर्ताओं को नियमित समीक्षा करने, अनुसंधान में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कांडों का निष्पादन करने को कहा। साथ ही पॉकेट डिस्पोजल से संबंधित प्रविष्टियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान और कांडों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद एसडीपीओ ने नगर थाना अंतर्गत कार्यरत टाइगर मोबाइल टीम के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने टेहटा, विशुनगंज एवं बराबर थानों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न पंजियों, ओडी ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों एवं पुलिसकर्मियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने, ड्यूटी के प्रति सजग रहने तथा आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसडीपीओ ने नियमित गश्ती, प्रभावी निगरानी और लंबित कांडों के निष्पादन में गंभीरता बरतने पर जोर दिया।
रात्रिकालीन औचक निरीक्षण के माध्यम से एसडीपीओ ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करने का संदेश दिया।