पचंबा थाना क्षेत्र के सुंडी टोला में वारदात से दहशत, मृतका की मां ने वासुदेव पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में सोमवार की रात दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। रानीखावा गांव से सटे सुंडी टोला में अज्ञात हमलावरों ने टांगी से काटकर बुजुर्ग सुकर मंडल और युवती शीला मंडल की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बताया जाता है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। मृतका शीला मंडल की मां कलावती देवी ने हत्या के मामले में वासुदेव पर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पर गुजरात के सूरत में भी चाकू से हमला किया गया था। उन्होंने इस घटना को लेकर भी गंभीर आशंका जताई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों शव घटनास्थल पर ही पड़े थे। पुलिस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से परहेज कर रही है। दो लोगों की हत्या से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।