20 सूत्री मांगों को लेकर विक्रम अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। भू-राजस्व विभाग में कथित भ्रष्टाचार और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने सोमवार को विक्रम अंचल कार्यालय के समक्ष 20 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरना की ध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री श्याम किशोर शर्मा ने किया।
धरना के दौरान अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार, भूमि परिमार्जन, दाखिल-खारिज, मालगुजारी रसीद में खाता एवं प्लॉट दर्ज करने, भूमि अधिग्रहण, खाद की किल्लत और धान अधिप्राप्ति में आ रही समस्याओं समेत किसानों से जुड़े 20 मुद्दे उठाए गए।
धरना को संबोधित करते हुए दक्षिण बिहार प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने पांच चरणों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसी क्रम में दूसरे चरण के तहत बिहार के सभी प्रखंडों में धरना आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए, अन्यथा किसान संघ व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
वहीं, दक्षिण बिहार प्रांत के मंत्री ने अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार पर नाराजगी जताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
धरना को किसान भूषण सुधांशु कुमार, मोहन कुमार, कृष्ण मुरारी सिंह, संजय सिंह, लालू प्रसाद बौद्ध, आलोक कुमार, चंद्रभूषण कुमार, लव कुमार, रमेश कुमार, पटना जिला युवा प्रमुख राजू कुमार, दिलीप कुमार, गौरी शंकर शर्मा, सनत कुमार, बालमुकुंद शर्मा एवं शंभू शर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
मौके पर सैकड़ों किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। किसान संघ ने मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।