प्राचार्या अंजू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, कौशल आधारित शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। डायट ढोंगरा, जहानाबाद में व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण विषय पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को शुरू हुआ। प्रशिक्षण सत्र का विधिवत उद्घाटन डायट की प्राचार्या अंजू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्या अंजू कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ व्यावसायिक कौशल का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ भाग लेने तथा प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था में कौशल आधारित शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में व्यावहारिक समझ, कार्यकुशलता और स्वरोजगार की भावना विकसित की जा सकती है।
पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में डायट के सभी प्राध्यापक, कर्मी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में बचन देव कुमार, रंगेश कुमार, राघवेंद्र कुमार, संतोष कुमार, अनुरंजन कुमार, रवि रंजन, अलका रानी, अमृता कुमारी, अंजना कुमारी सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।