नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आज गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत आंतरिक शिकायत समिति के तत्वावधान में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा खत्म करने के लिए एकजुट होने, न्याय सुनिश्चित करने, पीडितों की सुरक्षा करने एवं दोषियों को सजा से बचने ना देने के संकल्प के साथ सासाराम की अनुमंडल पदाअधिकारी सुश्री प्रिया रानी ने कानूनी जागरूकता, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से महिलाओं की सशक्तिकरण विषय पर अपना ओजस्वी संवाद प्रेषित किया।
विश्वविद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आज के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विशेष वक्ता सुश्री प्रिया रानी ने कहा कि आए दिन महिलाओं एवं लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले प्रकाश में आते रहते है, लेकिन पूर्व के वर्षों की अपेक्षा हाल में दिनों में इसमें काफी कमी आई है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक होना पड़ेगा एवं महिलाओं के सम्मान को सुरक्षित रखने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि भारत देश में आदिकाल से ही महिलाओं का एक विशेष स्थान है। महिलाएं पूजनीय एवं बंदनीय हैं। ऐसे में महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार समाज की विकृति को परीलक्षित करता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं है बल्कि यह किसी भी समाज की संवेदनशीलता से समानता और न्याय का पैमाना है। घर, कार्यस्थल, सार्वजनिक स्थान और डिजिटल माध्यमों में महिलाओं को भय मुक्त व सम्मानजनक जीवन मिलना उनके संवैधानिक अधिकारों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक निर्भरता और सामाजिक संकोच के कारण कई मामलों की शिकायत सामने नहीं आ पाते। इसके साथ ही जांच और न्यायिक प्रक्रिया में देरी तथा कम दोष सिद्धि पर भरोसा कमजोर होती है। इसलिए बचपन से ही लड़के और लड़कियों में लैंगिक समानता और सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कानून का प्रभावी पालन, संवेदनशील पुलिस व्यवस्था, त्वरित न्याय और महिलाओं की शिक्षा व आर्थिक आत्मनिर्भरता सुरक्षा को मजबूत बनाती है। इसके पहले कार्यक्रम के आरंभ में वंदे मातरम गीत गाया गया तथा अतिथियों के सम्मान के उपरांत मुख्य अतिथि सुश्री प्रिया रानी, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह, छात्रा वास निदेशक निरुपमा सिंह एवं आईसीसी अध्यक्ष डॉक्टर श्वेता शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधवत शुरुआत की। कार्यक्रम के आरंभ में आईसीसी की चेयरपर्सन डॉ श्वेता शर्मा ने सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम का विषय प्रवेश दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ रचना दशोरे, सदस्य आईसीसी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर निक्की मिंज ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ किया गया।