नेमरा के लुकैयाटांड़ में आयोजित समारोह में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण, मुख्यमंत्री ने कहा- महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन के संघर्ष और बलिदान की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के विरुद्ध जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया था, उसे गुरुजी के नेतृत्व में नई ऊर्जा मिली। आज की युवा पीढ़ी को इस शहादत की विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-देहात, सुदूर क्षेत्रों और शहरों के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता दी जा रही है। इसका उद्देश्य माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें गरीबी से बाहर निकलने में मदद करना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के विधेयकों की समीक्षा की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री दुधारू पशुधन योजना के लाभुक कालेश्वर बेदिया ने बताया कि उन्हें पांच गाय मिली हैं। इससे वे अपना रोजगार बढ़ा सकेंगे और परिवार का जीविकोपार्जन बेहतर तरीके से कर पाएंगे। उन्होंने अन्य लोगों से भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।