कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान, पहले दिन 1.49 करोड़ रुपये के कृषि उपकरणों की बिक्री
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और यांत्रिक उपकरणों से जोड़ने के उद्देश्य से संयुक्त कृषि भवन परिसर में शुक्रवार को जिला कृषि विभाग की ओर से दो दिवसीय कृषि यांत्रिकीकरण सह किसान मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार झा एवं उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान की जानकारी दी गई। पहले दिन विभिन्न कृषि यंत्रों की कुल 1 करोड़ 49 लाख 80 हजार रुपये की बिक्री हुई।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार ने कहा कि कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में आधुनिक कृषि यंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों को खेती में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार विभिन्न कृषि उपकरणों पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करा रही है। आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से खेती का काम आसान होगा तथा समय और श्रम की बचत होगी। उन्होंने छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर को भी उपयोगी विकल्प बताया।
जिला कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार झा ने बताया कि कृषि यांत्रिकीकरण योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में अरवल जिले के लिए बुआई से लेकर कटाई एवं भंडारण तक उपयोग होने वाले 86 प्रकार के कृषि यंत्रों को शामिल किया गया है। किसानों को इन यंत्रों की खरीद पर निर्धारित नियमों के अनुसार अनुदान दिया जा रहा है।
उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आशीष कुमार ने किसानों को ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, लॉटरी के माध्यम से चयन, स्वीकृति पत्र जारी करने तथा अनुदान भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कृषि यांत्रिकीकरण योजना का लक्ष्य 1196 निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 767 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें लॉटरी के माध्यम से 366 किसानों को स्वीकृति पत्र जारी किया जा चुका है। किसानों की सुविधा को देखते हुए स्वीकृति पत्र की वैधता 30 नवंबर तक बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों की खरीद के लिए किसानों का डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण तथा कृषि विभाग की ओएफएमएएस वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। खुर्पी, हंसुआ और कुदाल जैसे छोटे कृषि उपकरणों का मैनुअल किट किसानों को 80 प्रतिशत अनुदान पर मात्र 200 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसान मेले के पहले दिन कस्टम हायरिंग सेंटर एवं फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से कल्टीवेटर, रोटावेटर, पावर स्प्रेयर, प्लांटर, पंपसेट, राइस मिल, आटा मिल, ब्रश कटर समेत विभिन्न कृषि यंत्रों की कुल 1 करोड़ 49 लाख 80 हजार रुपये की बिक्री हुई। इन यंत्रों की खरीद पर किसानों को नियमानुसार अनुदान का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर किसान भूषण से सम्मानित रामजनम सिंह ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। मेले में आत्मा, उद्यान, भूमि संरक्षण सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे, जहां किसानों को कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीक और कृषि उपकरणों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक उद्यान, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, एटीएम, बीटीएम, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसान मेले के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।