डीएम ने सिविल सर्जन को सौंपी जांच की जिम्मेदारी, आरोपों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर मांगी रिपोर्ट
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मो. खालिद हुसैन के वेतन भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्धारित वेतनमान एवं नियमों से अधिक राशि भुगतान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच का निर्देश दिया है। अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक निवासी विनोद पाण्डेय ने जिलाधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में डीपीएम के वेतन निर्धारण में निर्धारित मानकों और नियमों का पालन नहीं किए जाने तथा अधिक राशि भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत मिलने के बाद जिला गोपनीय शाखा ने पत्रांक 2414/गो. के माध्यम से सिविल सर्जन को मामले की जांच सौंपी है। उन्हें शिकायत से संबंधित सभी तथ्यों, अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जांच की प्रगति और कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। मामले की जानकारी पत्र के माध्यम से राज्य मुख्यालय को भी भेज दी गई है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल डीपीएम के वेतन भुगतान को लेकर लगाए गए आरोप जांच के दायरे में हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वेतन निर्धारण में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।