नेरथुआ मठ जाने वाले रास्ते पर 10 फीट गहरे गड्ढे खोदने से ग्रामीण परेशान, बच्चों, किसानों और बुजुर्गों का आवागमन प्रभावित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। पटना-गया रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के किनारे रास्ता बंद करने के लिए गहरे गड्ढे खोदे जाने को लेकर बिहार सरकार के खान एवं कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने रेलवे अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। काको प्रखंड के नेरथुआ मठ जाने वाले रास्ते पर रेलवे की ओर से दोनों तरफ करीब 10 फीट गहरे गड्ढे खोद दिए जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। इस कार्रवाई पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जताई और ग्रामीणों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि पटना-गया रेलखंड पर हाईस्पीड ट्रेनों का परिचालन शुरू होना क्षेत्र के विकास के लिए अच्छी बात है, लेकिन इसके नाम पर ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन की कार्रवाई से गांव के लोगों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। इस समस्या को उन्होंने सदन में भी उठाया था तथा रेलवे ट्रैक के आसपास बसे गांवों के लिए वैकल्पिक रास्ते और अंडरपास निर्माण की मांग की थी।
मंत्री के अनुसार, पिछले एक वर्ष से रेलवे प्रशासन ने लोहे एवं सीमेंट के पोल लगाकर रेलवे ट्रैक के आसपास घेराबंदी कर रखी थी। अब रास्ते के दोनों ओर गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे बच्चों के स्कूल आने-जाने, महिलाओं एवं बुजुर्गों के आवागमन के साथ किसानों और पशुपालकों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे अधिकारियों ने जिला प्रशासन को जानकारी दिए बिना मनमाने तरीके से कार्रवाई की है। इस मामले में डीआरएम को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मौके पर पहुंचे एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि नेरथुआ गांव जाने का यह एकमात्र रास्ता है, जो रेलवे लाइन से होकर गुजरता है। यह अनधिकृत रेलवे क्रॉसिंग है। रेलवे प्रशासन की ओर से यहां एलएचएस (लिमिटेड हाइट सबवे) निर्माण की स्वीकृति दी गई है, लेकिन निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। इसी बीच रेलवे की ओर से दोनों तरफ गड्ढे खोद दिए जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।
एसडीओ ने बताया कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर फिलहाल पैदल आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों को अब एलएचएस निर्माण शुरू होने और स्थायी आवागमन व्यवस्था बहाल होने का इंतजार है।