बाल सुधार गृह में पार्क, शेड और अतिरिक्त भवन का होगा निर्माण, कुम्हारपट्टी प्राथमिक विद्यालय को मिलेगी नई बिल्डिंग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। डीएमएफटी फंड से धनबाद में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में शनिवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा ने करीब एक करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से बाल सुधार गृह में रहने वाले बच्चों और कुम्हारपट्टी प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। दोनों योजनाओं को पांच महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पहली योजना के तहत बाल सुधार गृह परिसर में पार्क, शेड और अतिरिक्त भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा परिसर में स्थित जर्जर भवनों की मरम्मत भी की जाएगी। विधायक राज सिन्हा ने फीता काटकर योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड के माध्यम से बाल सुधार गृह में रहने वाले बच्चों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, दूसरी योजना मनईटांड़ स्थित कुम्हारपट्टी प्राथमिक विद्यालय से जुड़ी है। यहां करीब 44 लाख रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। विद्यालय को नया भवन मिलने से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि डीएमएफटी फंड के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। दोनों योजनाओं के पूरा होने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।