पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण पर आधारित 33 फिल्मों का होगा प्रदर्शन, फिल्मकारों से संवाद भी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। पर्यावरण, वन्यजीव और जैव विविधता से जुड़े मुद्दों को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड वन फिल्म फेस्टिवल ‘अरण्यक 2026’ शनिवार से शुरू हो गया। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन का आयोजन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में किया जा रहा है।

फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश की पर्यावरण विषयक चुनिंदा फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान कुल 33 पर्यावरण आधारित फिल्में दिखाई जाएंगी। प्रतिदिन 11 फिल्मों का प्रदर्शन निर्धारित है।
इस अवसर पर प्रमंडलीय वन पदाधिकारी रांची अवनेश कुमार चौधरी ने कहा कि फिल्म प्रदर्शन के साथ फिल्मकारों से संवाद भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें फिल्म निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे फिल्मकारों ने आयोजन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि अपनी फिल्मों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति जागरूक करना उनका उद्देश्य है। इस तरह के आयोजन से लोगों में प्रकृति संरक्षण के प्रति समझ और संवेदनशीलता बढ़ेगी।