नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। रविवार का दिन भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र स्थित खैरैहिया भवनाथपुर फोरलेन पर एक कभी न भूलने वाला जख्म छोड़ गया। सुबह की शांत फिजा उस वक्त चीख-पुकार में बदल गई, जब तेज गति से दौड़ती महिंद्रा थार और एक भारी-भरकम ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की सांसें मौके पर ही थम गईं।
इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि एक शख्स की सांसें अभी बाकी थीं, जिसे पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी जिंदगी के लिए डॉक्टर संघर्ष कर रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेज रफ्तार का यह कहर एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर देता है कि जरा सी असावधानी पल भर में खुशियों को मातम में बदल देती है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे की असली वजह तलाशने में जुटी है