दिल्ली में मजदूरी कर परिवार चलाता था सुनील, दो साल पहले हुई थी शादी; झामुमो ने की मुआवजे और ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र के बिसनपुर में शनिवार की सुबह ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में 23 वर्षीय सुनील कुमार ठाकुर की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार गोलू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गोलू को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किए जाने की सूचना है। घटना के बाद सुनील के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक सुनील कुमार ठाकुर बिरनी थाना क्षेत्र के तुलसीटांड़ गांव का रहने वाला था। वह दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी। दुर्गापूजा से पहले वह घर लौटा था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात सुनील अपने साथी गोलू ठाकुर के साथ किसी दोस्त से मिलने गिरिडीह आया था।रविवार की सुबह करीब चार बजे दोनों मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिसनपुर के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। हादसे में सुनील की जान चली गई, जबकि गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोलू ठाकुर धनवार क्षेत्र के भरकट्टा ओपी अंतर्गत तुलाडीह गांव का निवासी बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि सुनील की शादी महज दो साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। कम उम्र में परिवार के मुखिया की मौत से पत्नी और बच्ची के भविष्य को लेकर परिजनों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
झामुमो ने की उचित मुआवजे की मांग घटना पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), गिरिडीह के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए सुनील ठाकुर के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर की शीघ्र पहचान कर उसे जब्त करने तथा संबंधित चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि, दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।