नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किसी संभावित आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से तीन देसी पिस्तौल, तीन देसी कट्टा, दो हैंड ग्रेनेड, 159 जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 19 जून को गोह थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर गोह की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस एवं एसटीएफ की टीम ने गोह-उपहारा रोड (एसएच-68) पर दामोदरपुर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से तीन देसी पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और सात मैगजीन बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए गोह थाना क्षेत्र के ग्राम प्राणपुर स्थित एक घर से तीन देसी कट्टा, दो हैंड ग्रेनेड तथा 99 अतिरिक्त जिंदा कारतूस बरामद कराए।
पुलिस ने इस मामले में गोह थाना कांड संख्या 159/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहित कुमार उर्फ बिल्लू, गणेश कुमार, मो. इस्तेखार आलम एवं मो. सोहेल आलम उर्फ बलिस्टर आलम के रूप में हुई है। सभी आरोपी औरंगाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। मामले में अन्य संभावित अपराधियों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को औरंगाबाद पुलिस की हाल के दिनों की सबसे बड़ी हथियार बरामदगी में से एक माना जा रहा है।